अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज़ चैनल की खास रिपोर्ट
जनपद अयोध्या के बाबूपुर (पूरेकाज़ी) स्थित संत बहरैची दास राष्ट्रीय अकादमी इंटर कॉलेज के मेधावी छात्र अयान अहमद ने हाईस्कूल परीक्षा में 93 प्रतिशत (558 अंक) प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हालांकि वह प्रदेश मेरिट सूची में स्थान बनाने से लगभग 3 प्रतिशत अंकों से पीछे रह गए, फिर भी उनकी यह उपलब्धि किसी बड़ी सफलता से कम नहीं मानी जा रही है। साथ ही, वे जनपद अयोध्या की टॉप टेन सूची में भी मात्र 1 प्रतिशत के अंतर से स्थान नहीं बना सके।
ग्राम मैरामऊ निवासी अयान अहमद, श्री रमजान अली के पुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। विद्यालय के संरक्षक भोला प्रसाद यादव ने अयान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अयान भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छुएंगे।
इस अवसर पर वर्ष 2012 के यूपी बोर्ड टॉपर अन्ना यादव ने अयान का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मेरिट सूची से थोड़ा पीछे रह जाना कोई कमी नहीं, बल्कि यह आगे बेहतर करने की प्रेरणा देता है। अयान की सफलता उनके माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी अयान की लगन और समर्पण की सराहना करते हुए इसे पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। अयान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि वह आगे भी कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
विद्यालय के अन्य होनहार विद्यार्थियों में जैनब फातिमा (522 अंक), अमन कुमार विश्वकर्मा (513 अंक), संतोष कुमार रावत (504 अंक) और अब्दुल वासिद (503 अंक) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
एस.बी.डी. परिवार सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अयान अहमद को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *