बिजली बिल माफी,खंभों का किराया समेत उठाई मांगें,डीएम-एसपी को दिया ज्ञापन

राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेलाल यादव बोले-अनसुनी हुई तो जनपद में होगा आंदोलन

बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन राधे ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेलाल यादव के नेतृत्व व प्रदेश प्रभारी शुऐब राईन की उपस्थिति में यूनियन की मासिक बैठक हुई। बैठक में जिला, प्रदेश व मंडल कमेटी के पदाधिकारी व किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राधेलाल यादव ने कहा कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर जिला प्रशासन द्वारा अब तक 5 सूत्रीय मांग पत्र की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया है। किसानों के आक्रोश को देखते हुए 25 अप्रैल 2026 को बैठक की गई। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र समस्याओं के निस्तारण की मांग की।

यूनियन की 5 प्रमुख मांगें:

  1. बिजली बिल माफ हो: बिल माफ न होने पर खेतों में लगे बिजली के खंभों का किराया दिया जाए। छोटी लाइन का 1000 रुपये और बड़ी लाइन का 2500 रुपये प्रतिमाह। 200 यूनिट बिजली सामाजिक सुरक्षा कानून के तहत फ्री मिले।
  2. टोल टैक्स से मुक्ति: अहमद शाहाबपुर टोल प्लाजा पर टोलकर्मी किसान यूनियन कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। किसानों को टोल टैक्स से मुक्त किया जाए, वरना अप्रिय घटना हो सकती है।
  3. जमीन वापस हो: ग्राम सभा टेरा दौलतपुर में धिराजा पत्नी सत्यनाम की गाटा संख्या 142, रकबा 9 एयर जमीन वर्ष 2021 में आबादी में दर्ज है। नवाबगंज तहसील प्रशासन ने मनमानी कर उसे ग्राम समाज में घोषित कर दिया। गरीब महिला की बैनामें की जमीन तत्काल वापस की जाए।
  4. महंगाई पर लगाम: पेट्रोल-डीजल, खाद, गैस, बिजली, पानी, स्कूलों की बढ़ी फीस एवं बढ़े हुए दामों को वापस लिया जाए।
  5. पुलिस उत्पीड़न बंद हो: पुलिस प्रशासन किसानों से बदसलूकी करता है। खेत में काम के दौरान तेल, खाद लेने मोटरसाइकिल से जाने पर चालान कर देता है। एसपी इस पर रोक लगाएं।

यूनियन ने कहा कि यदि इस बार मांगों को अनसुनी किया गया तो जनपद बाराबंकी में बड़ा आंदोलन होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। मौके पर किसानों के बीच पहुंचे सक्षम अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर महेंद्र यादव युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष,सूरज यादव युवा प्रदेश अध्यक्ष, प्रमोद यादव राष्ट्रीय प्रभारी,वसीम अंसारी जिला उपाध्यक्ष, दर्शन लाल यादव प्रदेश उपाध्यक्ष आदि लोग उपस्थित रहे।

तेज बहादुर शर्मा मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed