फतेहाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे में पिता की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायल पुत्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम मीठपुरा निवासी शिवचरण उर्फ शिवा उम्र लगभग 35 वर्ष पुत्र चिरंजीलाल अपने पुत्र शिवम उम्र लगभग 15वर्ष के साथ बाइक से वाजिदपुर जा रहे थे। बताया गया है कि वे अपने बड़े बेटे की शादी में बजाए गए बैंड-बाजे का भुगतान करने जा रहे थे। बड़े बेटे की शादी 25 अप्रैल को हुई थी।


जैसे ही वे पूठपुरा-कल्याणपुर मार्ग पर पहुंचे, तभी तेज गति से आए कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवचरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।


मृतक शिवचरण अपने पीछे पत्नी सहित चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें एक पुत्री और तीन पुत्र शामिल हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सूचना पर प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *