बाराबंकी जनपद में लंबित शिक्षक समस्याओं को लेकर विभिन्न शिक्षक संगठनों ने गुरुवार को एकजुट होकर वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने में जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरने के दौरान शिक्षकों ने चयन वेतनमान, जीपीएफ लेखा पर्ची एवं आयकर कटौती जैसी समस्याओं के समाधान की जोरदार मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी द्वारा समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिए जाने पर शिक्षक संगठनों ने धरना समाप्त कर दिया।


उल्लेखनीय है कि यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने पूर्व में ही 6 मई को धरना देने की घोषणा की थी। वहीं, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व मा०) शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने चयन वेतनमान के समय से भुगतान, जीपीएफ लेखा पर्ची जारी करने तथा अग्रिम आयकर की मानक के अनुसार कटौती सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत यूटा, उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी संघ सहित सभी प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक धरने में शामिल हुए।
ये हैं प्रमुख मांगें
चयन वेतनमान का समय से भुगतान किया जाए।
जीपीएफ (GPF) लेखा पर्ची जारी की जाए।
मानक के अनुसार अग्रिम आयकर कटौती की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
शिक्षक संघों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

मंडल ब्यूरो चीफ तेज बहादुर शर्मा/रामानंद सागर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed