संवाददाता -विशाल गुप्ता
बाराबंकी जनपद के मसौली क्षेत्र के बड़ागांव में 6 मई 2026 को भारतीय किसान क्रांति यूनियन की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बिजली विभाग से संबंधित पांच प्रमुख मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिजली विभाग के कर्मचारी फर्जी मीटर रीडिंग कर रहे हैं और नए कनेक्शन के नाम पर अधिक लाइन चार्ज लेकर अवैध वसूली की जा रही है। यूनियन ने मांग की कि मसौली पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा, नए कनेक्शन पर 1500 से 2000 रुपये तक की कथित अवैध वसूली को तत्काल बंद करने की मांग की गई। ग्राम न्यामतपुर निवासी सुदामा के मामले को उठाते हुए यूनियन ने 5955 रुपये की वसूली वापस कराने और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में मसौली चौराहे पर स्थित एक दुकान के उपभोक्ता बद्री प्रसाद का मामला भी शामिल किया गया। उनका कनेक्शन 8 मई 2019 को काट दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन पर बिल जमा करने का दबाव बनाए जाने का आरोप है। साथ ही पावर हाउस स्तर पर प्रतिदिन 1 से 3 घंटे की फर्जी रोस्टिंग की शिकायत भी दर्ज कराई गई।
बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारी उपखंड अधिकारी और जूनियर इंजीनियर (जेई) से मिलने पहुंचे, लेकिन दोनों अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिले। इस बीच संविदा कर्मचारियों जिलाध्यक्ष राधेरमन वर्मा के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया गया। स्थिति बिगड़ने पर कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। बाद में अधिकारी के प्रतिनिधि (बाबू) ने ज्ञापन स्वीकार कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष राधेरमन वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सलाउद्दीन अंसारी, ब्लॉक महासचिव मनोज यादव, ब्लॉक प्रभारी शमीम मलिक, महिला ब्लॉक अध्यक्ष गुड़िया रावत, ब्लॉक सचिव राज नारायण, ब्लॉक उपाध्यक्ष अतीक, मीडिया प्रभारी विशाल गुप्ता और मीडिया प्रभारी रहमान खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद
