एम डी न्यूज़ बरेली

शहर के अंदर बने चौपुला पुल मंगलवार सुबह आठ बजे से 45 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान इस पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने तैयारी पूरी करके सोमवार रात को जगह-जगह रूट डायवर्जन से संबंधित संकेतक और बैरियर लगा दिए हैं। आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक और थानों की पुलिस तैनात की गई है। एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू कराने के लिए सोमवार रात से सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। बदायूं रोड पर रामगंगा के पास और चौपुला पुल पर संकेतक व बैरियर पहुंचा दिए गए हैं, जिन्हें लगाकर मंगलवार सुबह आठ बजे से चौपुला पुल पर सभी दिशाओं से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। यह डायवर्जन तेल टैंकर, डेयरी उत्पाद वाहन, रोडवेज बसों समेत सभी प्रकार के वाहनों पर लागू होगा। यातायात व्यवस्था बनाने के लिए ट्रैफिक के साथ ही सुभाषनगर, कोतवाली व कैंट पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रिपोर्टर गौरव सक्सेना एम डी न्यूज़ बरेली।
