बहुयामी समाचार एमडी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की

मोहम्मदी, खीरी। सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर जल” योजना मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में दम तोड़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को आज तक नलों से पानी नसीब नहीं हुआ। कहीं एक साल पहले तो कहीं चार साल पहले पाइपलाइन और कनेक्शन दिए गए, लेकिन घरों तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी।

गांवों में घरों के बाहर लगी टोटियां अब केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। भीषण गर्मी में ग्रामीण आज भी हैंडपंप और दूसरे साधनों से पानी भरने को मजबूर हैं। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
मोहम्मदी विकासखंड की ग्राम पंचायत पड़सर के मजरा गेहुआ नवाबी निवासी छोटेलाल, ऋषि कुमार, राजकुमार, महेश कुमार और सर्वेश ने बताया कि घरों में टोटियां लगाए जाने के बाद भी पानी नहीं आ रहा है। लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं ग्राम पंचायत मुकुंदपुर सहजनिया के ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन की टंकी पिछले चार वर्षों से निर्माणाधीन पड़ी है। पाइपलाइन और टोटियां तो लगा दी गईं, लेकिन जलापूर्ति आज तक शुरू नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई और काम अधूरा छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। लोगों का कहना है कि सरकार की “हर घर जल” योजना कागजों में सफल दिखाई जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
इस संबंध में जल जीवन मिशन के एक्सईएन मनोज कुमार मौर्य ने बताया कि जहां टंकियां चालू हैं लेकिन पानी घरों तक नहीं पहुंच रहा, वहां टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। जिन गांवों में टंकी निर्माणाधीन है, वहां जल्द कार्य पूरा कर जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन से मांग की है कि मोहम्मदी तहसील क्षेत्र में जल जीवन मिशन की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए जल्द हर घर तक पानी पहुंचाया जाए।
दूसरी खबर
करोड़ों खर्च, फिर भी सूखे पड़े नल; ग्रामीण बोले- सिर्फ फोटो खिंचवाने तक सीमित रही योजना
मोहम्मदी, खीरी। “हर घर जल” का सपना दिखाकर गांवों में पाइपलाइन और टोटियां तो लगा दी गईं, लेकिन पानी आज तक नहीं पहुंचा। मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में जल जीवन मिशन की स्थिति बदहाल है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना सिर्फ कागजों और सरकारी दावों तक सीमित रह गई है।
ग्राम पंचायत पड़सर के मजरा गेहुआ नवाबी और मुकुंदपुर सहजनिया समेत कई गांवों में लोगों को आज भी पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। घरों में लगे नल सूखे पड़े हैं, जबकि महिलाएं और बच्चे हैंडपंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने पाइपलाइन डालकर और टोटियां लगाकर काम पूरा दिखा दिया, लेकिन जलापूर्ति शुरू कराने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया। कई गांवों में जल टंकियां अधूरी पड़ी हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि योजना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *