बाराबंकी के फतेहपुर कोतवाली परिसर में जेष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर एक भंडारे का आयोजन किया गया। कोतवाल अमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ के सहयोग से आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। हनुमान जी को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद वितरण शुरू किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया और कोतवाल अमित प्रताप सिंह सहित सभी पुलिसकर्मी बूंदी की मिठाई और ठंडा पानी वितरित करते दिखे।

भीषण गर्मी के बीच पुलिस द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। इस आयोजन ने पुलिस की मानवीय और संवेदनशील छवि को मजबूत किया, जिसे आमतौर पर लोग कानून व्यवस्था तक सीमित मानते हैं। राहगीरों, ग्रामीणों और बाजार आने-जाने वाले लोगों ने पुलिस कर्मियों के इस व्यवहार की प्रशंसा की।
भंडारे की व्यवस्था को पुलिस कर्मियों ने अनुशासित तरीके से संभाला। लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस व जनता के बीच विश्वास को बढ़ाते हैं। सीओ जगतराम कनौजिया ने कहा कि पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने बताया कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहभागिता से आपसी भाईचारा बढ़ता है।
इस अवसर पर एसएसआई सुनील यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अजय पाण्डेय, उपनिरीक्षक कृष्ण प्रसाद वर्मा, आलोक सिंह राजावत, अशोक कुमार, हरी सहाय सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र यादव, आरएन राना, अमित सिंह, कांस्टेबल ऋषभ भदौरिया, राहुल प्रजापति, फॉलोअर अनुज सहित समस्त थाने का स्टाफ मौजूद रहा।
फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट
