हरदोई बड़ी खबर———-
MD news पुनीत शुक्ला हरदोई

ऑडिट आपत्तियों पर कार्रवाई
हरदोई के विकासखंड साण्डी की पांच ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और सामग्री खरीद के भुगतान में करीब 1.15 करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। ऑडिट आपत्तियों का समय से निराकरण न होने पर अब पंचायतीराज विभाग ने तत्कालीन प्रधानों से 50 प्रतिशत धनराशि की वसूली प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित प्रधानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर राशि ग्राम पंचायत खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला लेखा परीक्षा विभाग की जांच में ग्राम पंचायत बघराई, बरनई चतरखा, बखरिया, अंटवा सीसाला और छोछपुर में विकास कार्यों और खरीदारी के भुगतान में अनियमितताएं मिली थीं। ऑडिट टीम द्वारा अभिलेख और बिल-वाउचर मांगे गए थे, लेकिन जिम्मेदार लोग न तो पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत कर सके और न ही ऑडिट आपत्तियों का संतोषजनक जवाब दे पाए।
ऑडिट में छोछपुर ग्राम पंचायत में 35,08,530 रुपये, अंटवा सीसाला में 1,08,800 रुपये, बखरिया में 23,40,116 रुपये, बरनई चतरखा में 54,68,887 रुपये तथा बघराई में 73,190 रुपये की गड़बड़ी पाई गई।
साण्डी बीडीओ काजल ने बताया कि शासन के निर्देश पर संबंधित तत्कालीन प्रधानों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके तहत छोछपुर की पूर्व प्रधान शिववती से 17,54,265 रुपये, अंटवा सीसाला के तत्कालीन प्रधान छविराम से 54,400 रुपये, बखरिया की पूर्व प्रधान विनीता से 27,43,443 रुपये तथा बघराई के तत्कालीन प्रधान घनश्याम से 36,595 रुपये जमा कराने को कहा गया है। निर्धारित समय में राशि जमा न होने पर वसूली की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
