MD News बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख: रोहित जैन दभेड़ी वाले, बुढ़ाना मुजफ्फरनगर

बुढ़ाना टीचर कॉलोनी

कस्बा बुढ़ाना का वार्ड 07 एक बार फिर चर्चाओं में है। वार्ड वासियों को लगातार मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह भी लोगों के घरों में पानी की टंकी से गंदा और काला पानी सप्लाई होने का मामला सामने आया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

प्राप्त सूत्रों के अनुसार यह मामला मास्टर कॉलोनी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां लोगों ने आरोप लगाया कि सुबह के समय घरों में आने वाला पानी इतना गंदा था कि उसका उपयोग पीने तो दूर, नहाने और घरेलू कार्यों में करना भी मुश्किल हो गया। लोगों का कहना है कि यही पानी बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवार के दैनिक उपयोग में आता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव के समय विकास और सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे कर वोट लिए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं को देखने और सुनने वाला कोई नजर नहीं आता। वार्ड वासियों का कहना है कि पानी, सफाई और अन्य मूलभूत समस्याएं लगातार बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी। वहीं नागरिकों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि जल सप्लाई व्यवस्था, पाइपलाइन और पानी की टंकियों की तत्काल जांच कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर “हर घर जल योजना” के दावों के बीच वार्ड 07 के लोगों को कब तक गंदे पानी और बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *