एम डी न्यूज़
बरेली के कैंट इलाके में लालफाटक फ्लाईओवर पर आज सुबह सीएनजी कैप्सूल से भरे कैंटर में गैस का रिसाव शुरू हो गया। फ्लाईओवर पर तेज आवाज के साथ गैस निकलती देख राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात रोक दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 20 मिनट बाद स्थिति नियंत्रित हुई।

जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के कुंवरगांव थाने के गांव सिगोही निवासी कृपाल ने शाहजहांपुर के पिपरौला प्लांट से गाड़ी में सीएनजी लोड कराई थी। वह इसे लेकर बदायूं के हमीदी पेट्रोल पंप पर जा रहा था। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही चालक को गैस रिसाव का आभास हुआ। उसने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को किनारे खड़ा कर दिया और तुरंत पुलिस व संबंधित कंपनी को सूचना दी। इसके बाद कैंट थाने के इंस्पेक्टर क्राइम भारत सिंह टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों को हटाया और यातायात डायवर्ट कर दिया। मौके पर पहुंची टीम ने काफी देर तक रिसाव रोकने का प्रयास किया। गैस का दबाव कम होने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। घटना के दौरान लोग दहशत में फ्लाईओवर से दूर भागते नजर आए। राहत की बात रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed