रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार
मितौली खीरी, 22 मई 2026।
नीमगांव पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल की है।
लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दादपुर बिलाई गांव के पास सोतहा घाट पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सेठ पुत्र बुद्धा (आयु 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह बदमाश कई जिलों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में वांछित था। नीमगांव सहित विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हुई। पुलिस टीम संदिग्ध अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोतहा घाट के पास पुलिस का बदमाश से आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32,430 रुपये नकद, दो जोड़ी पायल, छह जोड़ी बिछुआ और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। बरामद सामान थाना नीमगांव में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बेहजम पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर स्थित ओम गिरी के मकान में हुई चोरी की घटना स्वीकार की है। इस चोरी में लगभग 15 से 20 लाख रुपये के आभूषण और करीब 4 लाख रुपये की नकदी चोरी हुई थी।
मितौली क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव के पर्यवेक्षण में थाना अध्यक्ष प्रवीर गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और उससे जुड़ी अन्य घटनाओं की जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष प्रवीर गौतम, चौकी प्रभारी बेहजम संदीप यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, कलीम अहमद, पटेल सिंह राठी, जयप्रकाश राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
