बाराबंकी। जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक के पास खाली पड़े मैदान में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मैदान में उगी सूखी घास और झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी।
ब्लड बैंक के पास मौजूद एक मरीज ने सबसे पहले धुआं और आग की लपटें देखीं। मरीज ने तत्काल इसकी सूचना ब्लड बैंक स्टाफ को दी, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने तुरंत अस्पताल कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने पहले अस्पताल परिसर में लगे फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर पूरी तरह काबू न पाने पर बड़े फायर पाइप से पानी डालकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई।

करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना है।
अस्पताल प्रशासन की सतर्कता और कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक तौर पर सूखी झाड़ियों में किसी कारणवश आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

रिपोर्टर अवधेश कुमार
