जसराना (फिरोजाबाद)। जसराना डिवीजन से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ बिजली विभाग की कथित और गंभीर लापरवाही के चलते एक संविदाकर्मी लाइनमैन की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
शटडाउन के बाद भी लाइन में दौड़ गया करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संविदा पर तैनात लाइनमैन रवि जसराना के ग्रामीण बिजली घर के अंतर्गत आने वाली विद्युत लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहा था। काम शुरू करने से पहले नियमानुसार विभाग से ‘शटडाउन’ (बिजली आपूर्ति बंद करने का आदेश) लिया गया था। परिजनों और चश्मदीदों का आरोप है कि शटडाउन के बावजूद अचानक लाइन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया। खंभे पर काम कर रहा रवि करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

बिजलीघर का घेराव, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
हादसे की खबर फैलते ही मृतक रवि के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने जसराना बिजलीघर धाबा बोल दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि विभागीय कर्मचारियों की सीधी लापरवाही है। उन्होंने मांग की है कि शटडाउन के दौरान बिजली चालू करने वाले दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
बिजलीघर पर बढ़ते तनाव और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कानून व्यवस्था को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मृतक लाइनमैन के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जो भी कर्मचारी या अधिकारी इस लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रिपोर्ट: बबलू कुमार प्रजापति (ब्यूरो चीफ, फिरोजाबाद)
