शिवम द्विवेदी एम. डी. न्यूज़ प्रयागराज

खुसरो बाग के मुख्य गेट के सामने दिनदहाड़े पत्रकार की बाइक गायब, चैनल का कार्य निपटाकर लौटे शिवम द्विवेदी के उड़ गए होश — 112 नंबर पर लगाई गुहार, खुल्दाबाद थाने में दी तहरीर, शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत

प्रयागराज। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों की भी चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला प्रयागराज के ऐतिहासिक स्थल खुसरो बाग के मुख्य गेट के सामने से सामने आया है, जहां चैनल के कार्य से पहुंचे शिवम द्विवेदी की बाइक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पीड़ित ने तत्काल पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल कर मदद मांगी।*
पीड़ित शिवम द्विवेदी के अनुसार वह अपने चैनल के कार्य से खुसरो बाग गए हुए थे। उन्होंने अपनी बाइक संख्या UP 72 X 1332 को मुख्य गेट के सामने खड़ी की थी और कार्य पूरा करने के लिए अंदर चले गए। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। काफी देर तक आसपास तलाश करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद परेशान शिवम द्विवेदी ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पुलिस सहायता की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद पीड़ित खुल्दाबाद थाने पहुंचा और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि वाहन चोर गिरोह सक्रिय रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को निशाना बना रहे हैं और दिनदहाड़े वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुसरो बाग और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी कई वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों के आसपास सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है। वहीं घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखा जा रहा है तथा जल्द से जल्द बाइक बरामद करने की मांग उठ रही है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *