बहुयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट

मोहम्मदी खीरी। शनिवार को मोहम्मदी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी व एसडीएम की मौजूदगी में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। कई शिकायतकर्ता ऐसे भी मिले जो पिछले कई महीनों से लेकर डेढ़ वर्ष तक न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
समाधान दिवस में ग्राम सरैया निवासी युसूफ ने जल निकासी की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि गांव में पिछले एक वर्ष से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, जिसके समाधान के लिए वह लगातार अधिकारियों के पास जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं बंकागांव निवासी तारा देवी ने मकान संबंधी विवाद को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से न्याय पाने के लिए विभिन्न विभागों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
शेर अली ने खेत की पैमाइश एवं भूमि संबंधी समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह पिछले चार माह से संबंधित अधिकारियों के पास जा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है।
समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 30, पुलिस विभाग की 12, ब्लॉक से संबंधित 6, पूर्ति विभाग की 7 तथा नगर पालिका की 5 शिकायतें शामिल रहीं।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के लिए भेजा गया है और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि समाधान दिवस में प्राप्त पुलिस संबंधी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है तथा सभी मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि समाधान दिवस में पहुंचे कई फरियादियों ने बताया कि वे छह माह, एक वर्ष और डेढ़ वर्ष से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर अधिकारियों ने शिकायतों के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है।
