संवाददाता -जितेंद्र ठाकुर आगरा मंडल ब्यूरो प्रमुख

गोवर्धन में दर्दनाक हादसा: मानसी गंगा में डूबने से आगरा के 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

गोवर्धन। गोवर्धन मानसी गंगा में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आगरा के रामनगर क्षेत्र से अपने परिजनों के साथ गोवर्धन परिक्रमा करने आए एक 15 वर्षीय किशोर की मानसी गंगा में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने किशोर की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार मृतक किशोर की पहचान भीम (15 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि भीम अपने जीजा और अन्य रिश्तेदारों के साथ गोवर्धन परिक्रमा करने आया था। परिक्रमा के दौरान वह मानसी गंगा के घाट पर पहुंचा और स्नान करने के लिए पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई गई। कुछ समय बाद उसका शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मानसी गंगा के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
गोवर्धन में प्रतिदिन लाखो श्रद्धालु दर्शन और परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जलाशयों और घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना बेहद आवश्यक है। यह हादसा एक बार फिर तीर्थस्थ,लों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।

11 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *