डॉ. भीमराव अंबेडकर और गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप, वरिष्ठ पदाधिकारियों के आने तक मरम्मत नहीं कराने पर अड़ा समाज
बहुआयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट
मोहम्मदी (खीरी)। पुलिस चौकी बरबर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोयलाजार स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं के क्षतिग्रस्त मिलने के बाद ग्रामीणों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी, लेकिन प्रतिमाओं की मरम्मत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया।

समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह पार्क पहुंचने पर गौतम बुद्ध की प्रतिमा का एक हाथ टूटा हुआ तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की उंगली क्षतिग्रस्त मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने हेतु मिस्त्री को मौके पर बुला लिया। हालांकि समाज के लोगों ने तत्काल मरम्मत कराने का विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया।
इस दौरान समाज के सक्रिय सदस्य अनूप कुमार गौतम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक समाज के वरिष्ठ जिम्मेदार पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, कोऑर्डिनेटर तथा अन्य प्रमुख लोग मौके पर नहीं पहुंच जाते, तब तक प्रतिमाओं की मरम्मत नहीं कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में बैठक कर यह निर्णय लिया जाएगा कि खंडित प्रतिमाओं को किस प्रकार से सही कराया जाए।

अनूप कुमार गौतम ने कहा कि समाज की भावनाओं से जुड़ी इस घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और सबसे पहले दोषियों की पहचान कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।
उधर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल के आसपास मिले कुछ संदिग्ध सामानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों और समाज के लोगों का कहना है कि यह केवल प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं है, बल्कि समाज की भावनाओं से जुड़ा विषय है। इसलिए प्रशासन को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में भारी रोष और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
