बदायूं (थाना अलापुर)। जनपद में पत्रकारिता के मुखौटे के पीछे चल रहे अवैध मिट्टी खनन के एक बड़े खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अलापुर थाना क्षेत्र की म्याऊं चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़कर सीज कर दिया है।
पुलिस को देख चालक ने सड़क पर गिराई मिट्टी, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, म्याऊं चौकी पुलिस की एक टीम जब क्षेत्र में सम्मन तामील कराने जा रही थी, तभी सामने से मिट्टी से ओवरलोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस को सामने देख ट्रैक्टर चालक के होश उड़ गए। खुद को फंसता देख चालक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए चलती गाड़ी से सड़क पर ही मिट्टी गिराना शुरू कर दिया और ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में भगाने लगा।
पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को दबोच लिया।
कथित पत्रकार के नाम की धौंस, पुलिस ने सिखाया सबक
पकड़े जाने पर ट्रैक्टर चालक ने पुलिस टीम पर दबाव बनाने का प्रयास किया। उसने पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर धमकी भरे लहजे में कहा कि “यह कुलदीप सिंह पत्रकार की ट्रैक्टर-ट्रॉली है, होश में रहना।” हालांकि, पुलिस ने इस धौंस को दरकिनार करते हुए सख्त रुख अपनाया। पुलिस बल ने तुरंत ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया और संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुर्खियों में रहा है बंबई भटपुरा का खनन विवाद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, म्याऊं और उसहैत क्षेत्र में पत्रकारिता की आड़ में पिछले कई दिनों से दिन-रात अवैध मिट्टी खनन का काला कारोबार चुपचाप चलाया जा रहा था। गौरतलब है कि उसहैत क्षेत्र का ग्राम बंबई भटपुरा पहले भी अवैध खनन और इसके कारण होने वाले आपसी झगड़ों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहा है। यह विवादित क्षेत्र लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए सिरदर्द बना हुआ है।
बड़ा सवाल: क्षेत्र में लगातार हो रहे इस अवैध कारोबार को लेकर अब स्थानीय जनता मांग कर रही है कि उसहैत और अलापुर पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहकर इस सिंडिकेट पर पूरी तरह रोक लगानी चाहिए, ताकि क्षेत्र की शांति भंग न हो।
रिपोर्टर: प्रदीप पांडेय
ब्यूरो रिपोर्ट, बदायूं।
