अमेठी जनपद में नवनिर्मित सड़कों एवं मार्गों के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मानकों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि समिति सड़क निर्माण कार्यों से जुड़े सभी तथ्यों, अभिलेखों और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी तथा अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। जांच के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुपालन और वित्तीय प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित ठेकेदार के किसी भी लंबित अथवा बकाया भुगतान का निस्तारण नहीं किया जाएगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

संजय चौहान ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी व्यक्ति, संस्था या ठेकेदार की भूमिका संदिग्ध अथवा दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक धन से कराए जाने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन जनता को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।

अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *