बाराबंकी में नगर पंचायत बेलहरा के वार्ड जंगरा में गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम प्रियांशु की दर्दनाक मौत के बाद शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बेलहरा के वार्ड जंगरा निवासी विनोद चौहान का पुत्र प्रियांशु गुरुवार शाम घर के पास खेलते समय बेलहरा–छेदा मार्ग पर पहुंच गया, जहां तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजन आक्रोशित हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इसके बाद अंतिम संस्कार रोक दिया गया और लोगों में आक्रोश फैल गया।
हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब सैकड़ों महिलाएं शव के साथ सड़क पर उतर आईं और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई और अंतिम संस्कार कराया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

