धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज (उत्तर प्रदेश)। बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना निचलौल पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के तीन पुरुषों और एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में अपराधियों और साइबर/रोजगार ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
लखनऊ और गोरखपुर से हुई गिरफ्तारी
थाना निचलौल में दर्ज मुकदमा संख्या 157/2026 और 158/2026 (भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की विभिन्न धाराओं) के तहत वांछित आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने लखनऊ और गोरखपुर के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ऐंठते थे लाखों रुपये
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। गिरोह के सदस्य नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्रों में नौकरी लगवाने का लालच देते थे। युवाओं का भरोसा जीतने के बाद उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी और बदले में उन्हें फर्जी ऑफर लेटर व जाली जॉइनिंग लेटर थमा दिए जाते थे। जब तक पीड़ितों को इस धोखाधड़ी का अहसास होता, तब तक वे अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके होते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है:
- राजचन्द्रा उर्फ अजीत (पुत्र संतराज) – निवासी: कोईली खाल, बड़हलगंज, गोरखपुर।
- आमोद राठौर – निवासी: जानकीपुरम, लखनऊ।
- कुलदीप (पुत्र विजय प्रकाश) – निवासी: नरेन्द्र नगर, उन्नाव।
- अराधना कुमारी (पत्नी कुलदीप) – निवासी: नरेन्द्र नगर, उन्नाव (वर्तमान पता: दीनदयालपुरम, तकरोही, इन्दिरानगर, लखनऊ)।
पुलिस की अगली कार्रवाई
पूछताछ में आरोपियों ने नौकरी के नाम पर ठगी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात कुबूल कर ली है। पुलिस अब इस गिरोह के बैंक खातों, लेन-देन के रिकॉर्ड और इनके जाल में फंसे अन्य पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कामयाबी पाने वाली पुलिस टीम
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में निचलौल के थानाध्यक्ष उप-निरीक्षक (S.I.) अंकित सिंह, एस.आई. संदीप यादव, एस.आई. बृजेश कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी आशीष कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश कुमार सिंह सहित हेड कांस्टेबल अमित कुमार सिंह, धीरेन्द्र कुमार मिश्रा, संदीप भाष्कर और कांस्टेबल राम आशीष, सत्येन्द्र कुमार, विवेक कुमार एवं महिला कांस्टेबल सपना व काजल शामिल रहीं।
