बुढ़ाना पुलिस की बड़ी सफलता: हत्या के मामले का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन दभेड़ी वाले
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर

बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर | 14 जून 2026
मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना क्षेत्र में हत्या के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बुढ़ाना पुलिस ने हत्या के अभियोग में वांछित आरोपी ब्रह्म सिंह को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त सफेद धातु का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 जून को ग्राम कुरथल निवासी युवक को शराब पिलाने के बहाने घर से ले जाकर उधारी के लेन-देन को लेकर विवाद किया गया था। आरोप है कि लोहे की रॉड और कड़े से की गई मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद थाना बुढ़ाना में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
रविवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि वांछित आरोपी बसी गेट क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ईख के खेतों की ओर भागा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार ब्रह्म सिंह के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त सफेद धातु का कड़ा बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट और धमकी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2012 के हत्या के मुकदमे में आजीवन कारावास की सजा पाया हुआ सजायाफ्ता अपराधी भी है और वर्तमान में उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर चल रहा था।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में थाना बुढ़ाना पुलिस टीम द्वारा की गई।
MD NEWS बहुआयामी समाचार
जनता की आवाज़, सच के साथ।

24 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed