BREAKING NEWS

731 पुलिसकर्मियों ने दिया ऑनलाइन मॉक टेस्ट, हवलदार पदोन्नति की तैयारी तेज,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख: रोहित जैन दभेड़ी वाले, मुजफ्फरनगर

पानीपत/समालखा, हरियाणा

हरियाणा पुलिस में सिपाही से हवलदार पद पर पदोन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करनाल रेंज के 731 पुलिसकर्मियों ने बी-1 परीक्षा से पूर्व आयोजित ऑनलाइन मॉक टेस्ट में भाग लिया। यह मॉक टेस्ट रविवार को समालखा स्थित पाइट कॉलेज की आधुनिक कंप्यूटर लैब में संपन्न कराया गया।

पानीपत, करनाल और कैथल जिलों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन परीक्षा देकर अपनी तैयारी को परखा। इस दौरान करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक कुमार आईपीएस, डीसीपी सोनाक्षी सिंह आईपीएस सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल आईपीएस के निर्देश पर बी-1 पदोन्नति परीक्षा के सफल संचालन के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है। आईजी अशोक कुमार की अध्यक्षता वाली इस समिति में करनाल एसपी नरेंद्र बिजारनिया तथा डीसीपी सोनाक्षी सिंह को सदस्य बनाया गया है।

नोडल अधिकारी एवं डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि सिपाही से मुख्य सिपाही (हवलदार) पद पर पदोन्नति के लिए न्यूनतम पांच वर्ष की सेवा तथा उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड आवश्यक है। बी-1 परीक्षा पदोन्नति प्रक्रिया का पहला चरण है, जिसमें ऑनलाइन टेस्ट के माध्यम से पुलिसकर्मियों की योग्यता का मूल्यांकन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि मॉक टेस्ट का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली, प्रश्नों के प्रारूप और तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराना है ताकि अंतिम परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मॉक टेस्ट के सफल आयोजन के बाद अब इसी माह सभी पात्र पुलिसकर्मियों का फाइनल बी-1 टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में ऑनलाइन लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) भी शामिल होगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए हवलदार पद पर पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।

हरियाणा पुलिस द्वारा पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में उठाया गया यह कदम पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ योग्य कर्मियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।

14 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *