बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के हलधर नगर मजरे निगरी में रविवार देर रात एक घर में चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा और अलमारी का ताला तोडकर लगभग ₹3 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और ₹40 हजार नकद चुरा लिए।

हलधर नगर निवासी जवाहरलाल पुत्र राम चीज चौहान अपने परिवार के साथ गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोर देर रात घर में घुस गए। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, कमरे में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर नकदी व जेवरात चुरा लिए।

पीड़ित जवाहरलाल के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, मांग टीका, झुमकी, तथा चांदी के कंगन, पायल, बिछिया, कमर करचनी और पाजेब जैसे आभूषण शामिल हैं। चोरों ने वारदात के बाद घर में रखे कुछ जरूरी कागजात भी बाहर निकालकर बिखेर दिए।

सुबह जब जवाहरलाल जागे और घर के अंदर गए, तो उन्होंने कमरे का ताला टूटा हुआ पाया। अलमारी खुली थी और उसमें रखा कीमती सामान गायब था। घर में सामान बिखरा देखकर परिवार को चोरी का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर जहांगीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय सक्रिय चोर गिरोहों के कारण आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं।

जहांगीराबाद थाना प्रभारी राम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

6 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *