चंदौली: मुगलसराय पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑटो से हेरोइन की तस्करी कर रहे एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 ग्राम हेरोइन, एक ऑटो, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को थाना मुगलसराय की टीम थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र स्थित जीटीआर ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर ऑटो में सवार लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सलीम, आजीम अंसारी (दोनों निवासी बाईपास गोधना, अलीनगर) तथा शहनाज बेगम (निवासी गया, बिहार, हाल का पता मुगलसराय के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान ऑटो से 60 पुड़ियों में रखी गई हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन 13 ग्राम पाया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त ऑटो संख्या UP 67 BT 1532, तीन मोबाइल फोन तथा 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए हेरोइन की खरीद-फरोख्त करते थे। हेरोइन को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 293/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी शहनाज बेगम के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामला उसका पांचवां आपराधिक मामला बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुबाष प्रसाद, हेड कांस्टेबल अभिषेक दूबे, कांस्टेबल विनय बाजपेयी तथा महिला कांस्टेबल सुधा दूबे शामिल रहीं। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *