सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक जानकारी अब पहुंचेगी सीधे आमजन तक
जौनपुर! 19 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया है। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने चैनल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर फिल्म निर्माता अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय समेत विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग का यह नया डिजिटल मंच प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक त्वरित एवं प्रमाणिक रूप से पहुंचाने का कार्य करेगा।
‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से विभाग द्वारा तैयार वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी किया जाएगा। इससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की सही एवं समयबद्ध जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु साबित होगा। वहीं, अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है और यह चैनल प्रदेश की विकास यात्रा को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल सरकारी सूचनाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाएगी, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद को भी और अधिक मजबूत करेगी। ‘सूचना प्रवाह’ आने वाले समय में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी जानकारियों का एक प्रभावी डिजिटल मंच बनकर उभरेगा।

