जौनपुर! 18 जून। जनपद में अनाधिकृत रूप से संचालित बसों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बसों का चालान किया, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 बसों को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार के साथ बुधवार देर रात जिले के विभिन्न मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 50 बसों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट के संचालन, प्रेशर हॉर्न के प्रयोग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 10 बसों का चालान किया गया। वहीं गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 3 बसों को संबंधित थानों में सीज कर दिया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने वाहन संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर संचालन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *