गोण्डा- गोंडा जनपद के मनकापुर थाना क्षेत्र के पंचपुती जगतापुर (कोलहार गांव) की रहने वाली अपराजिता सिंह ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में 304वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।


अपराजिता के पिता सतीश कुमार सिंह वन विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए लंबे समय से लखनऊ में निवास किया। अपराजिता ने लखनऊ के स्प्रिंग डेल स्कूल से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद भोपाल स्थित ओरिएंटल कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की।
अपराजिता ने बताया कि उनका सपना बचपन से ही सिविल सेवा में जाने का था। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती थीं। पिछले वर्ष यूपीएससी में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी जारी रखी।
उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि उन्होंने पहले ही प्रयास में बिहार पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर पद हासिल कर लिया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी अपराजिता की छोटी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि उनका छोटा भाई एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है।
