बाराबंकी। थाना जैदपुर क्षेत्र की अहमदपुर पुलिस चौकी अंतर्गत नारेक पुरवा, ब्लॉक बनीकोडर निवासी किसान राजकुमार पाल ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की मांग की है।

राजकुमार पाल ने बताया कि उन्होंने अपने ट्यूबवेल के लिए विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने हेतु आवेदन संख्या 1008636152 के माध्यम से कुल 1,46,292 रुपये जमा किए थे, जिसकी रसीद उन्हें प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जब वह चंदौली पावर हाउस से विद्युत सामग्री लेने पहुंचे तो उन्हें मात्र 11,154 रुपये मूल्य की सामग्री उपलब्ध कराई गई, जबकि शेष सामान अब तक नहीं दिया गया है।

किसान का आरोप है कि लगभग एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वह लगातार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि जिन सामग्रियों का भुगतान उनसे लिया गया है, उनमें से काफी सामान अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है।

राजकुमार पाल ने आरोप लगाया कि लाइनमैन नन्हेंलाल के माध्यम से उन्होंने अपना कार्य शीघ्र कराने के लिए 5,000 रुपये की राशि जेई विश्वनाथ यादव को दी थी, फिर भी उनका कनेक्शन चालू नहीं कराया गया।

किसान ने बताया कि धान की रोपाई का समय आ चुका है और सिंचाई के लिए विद्युत कनेक्शन न मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराते हुए जल्द से जल्द ट्यूबवेल की लाइन चालू कराने तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।

(नोट: रिश्वतखोरी संबंधी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed