फतेहपुर। जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जा रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी अपने ननिहाल बरहटा गांव में रहकर कक्षा आठ की पढ़ाई करती है। आरोप है कि गाजीपुर-असोथर थाना क्षेत्र निवासी मजदूर उमेश उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जा रहा था।


घटना की जानकारी मिलते ही किशोरी की मां और मामा बाइक से पीछा करते हुए रक्षपालपुर चौराहे पहुंचे, जहां दोनों को पकड़ लिया गया। किशोरी को युवक के साथ देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची खखरेरू पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


इस संबंध में थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *