गोण्डा- गोंडा जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला महिला अस्पताल में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर किया। इस अभियान के तहत जिले के 5.77 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि कोई भी पात्र बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 1977 फिक्स्ड बूथ, 1171 हाउस-टू-हाउस टीमें, 75 ट्रांजिट टीमें, 45 मोबाइल टीमें तथा 365 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुइनुद्दीन चिस्ती ने बताया कि पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि इसके बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य किया जाएगा। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष टीमें तैनात रहेंगी।

जिलाधिकारी ने ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की प्रतिदिन ब्लॉक एवं जिला स्तर पर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. पंकज तिवारी, डॉ. आर.पी. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed