
बदायूँ। थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मन नगला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान विनीता पत्नी प्रदीप के रूप में हुई है। मृतका के पिता प्रेमपाल, निवासी ग्राम रूपापुर, थाना उसहैत, जनपद बदायूँ ने बताया कि उन्होंने लगभग पांच वर्ष पूर्व अपनी पुत्री का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज से अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज देकर किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर विनीता का उत्पीड़न किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि पति प्रदीप, गिरीश यादव पुत्र वेदराम, सास पचा देवी तथा देवर कंचन यादव ने मिलकर विनीता की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना कादरचौक के थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: पति एवं अन्य पर हत्या के आरोप मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
जितेन्द्र यादव
एम० डी० न्यूज जिला सहा ब्यूरो चीफ बदायूँ
