पद नहीं, समाजसेवा मेरी प्राथमिकता; वार्ड 19 में ढाई करोड़ के विकास कार्य कराए : अमरेंद्र भारद्वाज
जिला पंचायत सदस्यों का कार्यकाल समाप्त, प्रशासक व्यवस्था के बीच बोले— जनता की सेवा पहले भी की, आगे भी करता रहूंगा
तहसील प्रभारी रिपोर्ट गंगा चरण एमडी न्यूज़
मोहनलालगंज लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाए जाने के बीच जिला पंचायत सदस्य अमरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि उनके लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण जनता की सेवा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल पद तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनकी प्राथमिकता है।
जिला पंचायत सदस्य अमरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि लखनऊ जनपद के वार्ड संख्या-19 में अपने कार्यकाल के दौरान लगभग ढाई करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें विभिन्न गांवों में खड़ंजा निर्माण, सीसी सड़कें, जल निकासी के लिए नालों का निर्माण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से विकास कार्यों को गति मिली और भविष्य में भी बिना किसी पद की परवाह किए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उनके अनुसार, “पद आना-जाना लगा रहता है, लेकिन जनता का विश्वास और सेवा का संकल्प हमेशा बना रहना चाहिए।”

