अमेठी के गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा बदहाल, गंदगी और अतिक्रमण से बिगड़ी तस्वीर मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई
अमेठी। शहर के गांधी चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और उसके आसपास की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रतिमा परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, रेलिंग क्षतिग्रस्त है और आसपास अतिक्रमण के कारण परिसर की सुंदरता प्रभावित हो रही है।
भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों से प्रतिमा परिसर की नियमित साफ-सफाई और सुंदरीकरण कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि परिसर में लगा पानी का फव्वारा भी खराब पड़ा है। बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव में आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महापुरुषों को केवल उनकी जयंती पर याद करने के बजाय उनकी प्रतिमाओं और स्मारकों की नियमित देखभाल भी की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि गांधी प्रतिमा परिसर की प्रतिदिन साफ-सफाई कराई जाए, टूटी रेलिंग की मरम्मत हो, खराब फव्वारे को चालू कराया जाए तथा आसपास के अतिक्रमण को हटाकर पूरे परिसर का सुंदरीकरण कराया जाए।
बताया गया कि महात्मा गांधी की इस प्रतिमा का लोकार्पण 2 अक्टूबर 2023 को किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उचित रखरखाव के अभाव में वर्तमान में परिसर की स्थिति काफी बदहाल हो गई है।
भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ ने नगर प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गांधी चौक को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की मांग की है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed