तहसील डुमरियागंज में वृहद वृक्षारोपण अभियान सम्पन्न, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रिपोर्टर अनमोल श्रीवास्तव डुमरियागंज
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। शासन के निर्देशानुसार संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत तहसील डुमरियागंज परिसर एवं आवासीय कैम्पस में शनिवार को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा ने किया।
इस दौरान पीपल, नीम, पाकड़, आम, आंवला, अमरूद एवं सागौन सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। आवासीय परिसर में नन्हे बच्चों रूद्रांश प्रताप सिंह राठौर एवं सानवी यादव ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जलवायु के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी आह्वान किया।
लेखपाल संघ के तहसील महामंत्री देवेन्द्र कुमार राठौर ने कहा कि भारतीय संविधान के मौलिक कर्तव्यों के अंतर्गत पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्षों की कमी से वर्षा चक्र प्रभावित होता है, वैश्विक तापमान बढ़ता है तथा अनेक प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार राघवेन्द्र पाण्डेय, नाजिर अजय पाठक, राजस्व निरीक्षक राजेश श्रीवास्तव, लेखपाल संजय वरुण, जियालाल, राहुल, सौरभ, विवेक तथा नगर पंचायत के सफाई मित्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

