रिपोर्ट -विशाल गुप्ता
बाराबंकी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी स्थित लोधेश्वर धाम में दर्शन-पूजन किया और महादेव का अभिषेक किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ की आरती भी उतारी और सुखी, स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश की कामना की। मंदिर परिसर में डमरू वादन के साथ उनका स्वागत किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कॉरिडोर का अवलोकन किया और कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया और उन्हें खिलौने देकर दुलारा।

मुख्यमंत्री ने एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और बच्चों से उनके मॉडलों के बारे में जानकारी ली, साथ ही उन्हें चॉकलेट भी दी। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल प्रदान की। इस अवसर पर बाराबंकी के विकास को लेकर एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। उनके हाथों कई लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और टूल किट प्रदान किए गए।

सम्मानित होने वालों में शिवशंकर वर्मा और छाया देवी को कृषि यंत्र के तहत 4-4 लाख रुपये के चेक व प्रमाण पत्र मिले। मोहसिन मतीन को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत 10 लाख रुपये का चेक और मुकेश कुमार को इसी योजना के तहत 3.10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
शांति देवी को विश्वकर्मा श्रम सम्मान के अंतर्गत सिलाई का टूल किट मिला, जबकि नितेश वर्मा को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख रुपये का चेक दिया गया। मो. आलम को ओडीओपी के तहत 21 लाख रुपये का चेक और हेमकरण माथुर को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 3.90 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्राप्त हुआ।

इसी योजना के तहत हर्षिता वर्मा को 15 लाख रुपये का चेक मिला। प्रमेंद्र विक्रम सिंह को मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 11.80 लाख रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया। आरती देवी और गायत्री देवी को मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के स्वीकृति पत्र दिए गए। आरती व अशोक कुमारी सिंह को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में सामुदायिक निवेश निधि के लिए 3.19 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्राप्त हुआ।

