MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार


महराजगंज जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में बाल श्रम उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने टास्क फोर्स में नामित निरीक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि 31 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी ढाबों, ईंट-भट्ठों, रेस्टोरेंट, होटल, कार्यशालाओं, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जाए। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रतिष्ठान में कोई बालक या बालिका अवैध रूप से बाल श्रमिक के रूप में कार्यरत न हो।
डीएम ने कहा कि निरीक्षण अभियान पूरी गंभीरता और नियमित निगरानी के साथ संचालित किया जाए। यदि किसी स्थान पर बाल श्रमिक पाया जाता है तो उसे तत्काल मुक्त कराकर उसके पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाया जाए।


उन्होंने बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों का दोबारा विद्यालय में नामांकन कराने और उनकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व में चलाए गए बाल श्रम उन्मूलन अभियानों के दौरान हुई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को जारी आरसी की समीक्षा कर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक अपराध है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बालक या बालिका को श्रमिक के रूप में नियोजित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी गणेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed