जल संरक्षण को लेकर विद्यार्थियों ने निबंध, पोस्टर, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

MD News /मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ, खीरी। उत्तर प्रदेश में लगातार गिरते भूजल स्तर और बढ़ती जल आवश्यकताओं को देखते हुए कृषक समाज इंटर कॉलेज, गोला में 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन, पोस्टर, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल के विवेकपूर्ण उपयोग से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

भूजल सप्ताह के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों हृदयांशी सक्सेना, आयत, खुशी, अनुष्का सहित अन्य प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य अनंत प्रकाश सरोज ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनंत प्रकाश सरोज ने कहा कि *जल ही जीवन है, लेकिन आज धरती का सबसे कीमती खजाना भूजल तेजी से नीचे जा रहा है। इस स्थिति को बदलने के लिए वर्षा जल संचयन को अपनी आदत बनाना होगा। पानी की हर बूंद को कीमती समझते हुए जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

जीव विज्ञान प्रवक्ता डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीने के पानी, कृषि और उद्योगों की आवश्यकताओं का बड़ा हिस्सा भूजल पर निर्भर है। यदि वर्षा जल का पर्याप्त संचयन नहीं किया गया और भूजल का दोहन इसी प्रकार जारी रहा, तो आने वाले वर्षों में जल संकट और गंभीर हो सकता है। उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल किसी एक सप्ताह या समारोह तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।

विद्यालय की छात्रा हृदयांशी सक्सेना ने जनपदीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी खीरी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *