सूरतगंज ब्लॉक रिपोर्ट मनीष कुमार

सूरतगंज बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में हाथ की नस कटी होने की हालत में सड़क किनारे बेहोश मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सूरतगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान 45 वर्षीय मुजीब खान निवासी टेड़ी पुलिया, लखनऊ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने रिश्तेदार हनीफ से मिलने सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग स्थित निगम राइस मिल के पास आया था। इसी दौरान उसके हाथ की नस कट गई। अत्यधिक रक्तस्राव होने से वह सड़क किनारे बेहोश होकर गिर पड़ा। हनीफ और राहगीरों ने उसे देखकर एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।

सीएचसी सूरतगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर मोहम्मदपुर खाला पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। पूछताछ के दौरान वह अलग-अलग बातें कर रहा था। कभी उसने दावा किया कि उसे मारने की साजिश रची गई है, तो कभी वह बार-बार उसे छोड़ देने की बात कहता रहा। पुलिस का कहना है कि उसके बयानों की सत्यता की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक इस क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था तथा घटना किन परिस्थितियों में हुई।

सब-इंस्पेक्टर अभिनव मिश्रा ने बताया कि घायल युवक को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है और युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed