निर्वाध विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा, उझानी-बिल्सी मुख्य लाइन के फॉल्ट का कराएंगे तकनीकी सर्वे,

एमडी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं

बिल्सी (बदायूं)। विद्युत उपखंड कार्यालय बिल्सी को नया उपखंड अधिकारी (एसडीओ) मिल गया है। नवागत एसडीओ कुलदीप कुमार ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।

ज्ञात हो कि पूर्व उपखंड अधिकारी जयप्रकाश राजपूत का लगभग तीन माह पूर्व सहसवान विद्युत उपखंड में स्थानांतरण हो गया था। उनके स्थानांतरण के बाद विभाग ने ककराला के एसडीओ सौरव परिहार को बिल्सी उपखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। अब कुलदीप कुमार की तैनाती होने से बिल्सी विद्युत उपखंड को नियमित एसडीओ मिल गया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसडीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्वाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विशेष रूप से उझानी-बिल्सी मुख्य विद्युत लाइन में आए दिन होने वाले फॉल्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लाइन का तकनीकी सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य कराकर लाइन को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे बार-बार होने वाले फॉल्ट और बिजली बाधित होने की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

नवागत एसडीओ ने कहा कि विभाग उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली अपनाएगा। साथ ही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *