अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज

ब्लाक मवई क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाबूपुर के पूरे काज़ी गांव में सोम वार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पूर्वी हिस्से में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार अजगर ने पूरे काज़ी गांव निवासी राम तेज रावत की एक बकरी को अपना शिकार बना लिया, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों व पशुओं को वहां से दूर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना प्राप्त होते ही फरेस्टर नरेंद्र राव ने बिना देर किए वन विभाग के कर्मचारी हरिशंकर यादव मोल्हे को टीम के साथ मौके पर रवाना किया। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए काफी मशक्कत के बाद विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लगी रही और सभी लोग वन विभाग की कार्रवाई को देखते रहे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अजगर एक संरक्षित वन्यजीव है। उसे किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पकड़ने के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए घने जंगल की ओर ले जाया गया, ताकि वह आबादी वाले क्षेत्र से दूर रह सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद पूरे काज़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच इस अजगर की चर्चा होती रही। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार का वन्यजीव गांव या आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें। इससे वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।
