नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

एक लाख की घूस लेते ही धरा गया लेखा-परीक्षक फतेहपुर। जिले में भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार करते हुए प्रयागराज से आई एंटी करप्शन की 13 सदस्यीय ट्रैप टीम ने स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग के वरिष्ठ लेखा-परीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह को ₹1 लाख की घूस लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को तत्काल सदर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, खागा के नई बस्ती चौड़ाखेर निवासी अभय प्रताप सिंह ने एंटी करप्शन संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी कि बुदवन इंटर कॉलेज की भूमि अधिग्रहण से प्राप्त धनराशि से कराए गए निर्माण कार्य की ऑडिट रिपोर्ट को अनुकूल बनाने के नाम पर वरिष्ठ लेखा-परीक्षक ₹1.60 लाख की मोटी रिश्वत की डिमांड कर रहे थे।शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सामने आबूनगर स्थित समर चाय भंडार के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने पहली किस्त के रूप में ₹1 लाख की रिश्वत हाथ में ली, टीम ने बिजली की तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायबरेली जनपद के रानानगर निवासी रविंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एंटी करप्शन की इस सनसनीखेज कार्रवाई से पूरे सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया है और विभागों में खौफ का माहौल है। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
