रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह संपन्न, राजीव कुमार ने अध्यक्ष पद की शपथ ली

“सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है” — डॉ. दयाशंकर मिश्रा; शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष फोकस

वाराणसी, समाज सेवा के क्षेत्र में 82 वर्षों से सक्रिय रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह रविवार को कैंट स्थित होटल रेडिसन में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में सत्र 2026-27 के लिए रोटेरियन राजीव कुमार ने अध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ नई कार्यकारिणी ने भी पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। रोटरी जैसे संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।”
विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश बी.डी. मिश्रा ने भी क्लब की सामाजिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, स्वच्छ काशी-सुंदर काशी अभियान, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज, युवाओं, विद्यार्थियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण, सदस्यता वृद्धि तथा पारदर्शी एवं प्रभावी सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य समाज परिवर्तन का सशक्त दूत बने और सभी मिलकर परिवार की भावना से कार्य करें।
समारोह के दौरान कई नए सदस्यों ने भी रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के संरक्षक डॉ. शशिकांत दीक्षित एवं डॉ. एम.के. गुप्ता ने की। संयोजक रोटेरियन उमा केजरीवाल तथा समन्वयक रोटेरियन राघवेंद्र वेताल ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्य, क्लब के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, रोटेरियन, गणमान्य नागरिक तथा आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन मनीष पांडेय एवं रोटेरियन आलोक पारीख ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन राजीव पांडेय ने प्रस्तुत किया।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *