धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के बेलवा कटहरी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां के साथ दवा लेने कटहरी बाजार आई तीन साल की मासूम बच्ची सड़क पार करते समय एक अनियंत्रित बाइक की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (28 जुलाई) की सुबह लगभग 9:00 बजे बेलवा निवासी रजवंता देवी अपनी तीन वर्षीय बेटी अंकिता (पुत्री राम अवतार) के साथ कटहरी बाजार में दवा लेने आई थीं। मां दुकान से दवा खरीद रही थी, तभी मासूम अंकिता खेलते-खेलते अचानक दौड़कर मुख्य सड़क पर आ गई। इसी दौरान बिसोखोर की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल अंकिता को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा ले जाया जा रहा था, लेकिन मासूम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना सुबह करीब 10:40 बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोठीभार थाना पुलिस बल 12:20 बजे तक मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए बाइक सवार अभियुक्त की तलाश की जा रही है।मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
