धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल (महराजगंज): निचलौल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली स्थिति सामने आ रही है, जहां एक कथित व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह व्यक्ति लगभग रोजाना थाने पहुंचता है और खुद को “मिश्रा परिवार” से जुड़ा बताकर पुलिस कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का प्रयास करता है।
बताया जा रहा है कि थाने में आमतौर पर लोग अपने वैधानिक कार्यों, शिकायतों या किसी जरूरतमंद की मदद के लिए आते हैं, लेकिन उक्त व्यक्ति का बार-बार बिना स्पष्ट कारण के आना और पुलिस कर्मियों से बहस करना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। सूत्रों का कहना है कि यह व्यक्ति कभी किसी एक पक्ष का समर्थन करता है तो कभी किसी अन्य व्यक्ति विशेष के पक्ष में खड़ा होकर मामले को प्रभावित करने की कोशिश करता है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि इससे पहले एक कांस्टेबल द्वारा उसे थाने से बाहर का रास्ता भी दिखाया जा चुका है, बावजूद इसके उसकी गतिविधियों में कोई कमी नहीं आई। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि यदि कोई व्यक्ति लगातार एकतरफा पक्ष लेकर मामलों में हस्तक्षेप करता है, तो उसकी भूमिका “दलाली” की श्रेणी में आ सकती है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर यह व्यक्ति किस अधिकार से थाने में आकर पुलिस कार्य में दखल देता है? क्या यह उसका निजी मामला है या फिर किसी सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा? यदि ऐसा है, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हो सकती है।
एक ओर जहां महराजगंज पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की गतिविधियां पूरे सिस्टम की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि थाने के भीतर ही इस तरह की बाहरी दखलंदाजी जारी रही, तो न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सवाल यह भी है कि क्या निचलौल थाना दलालों के प्रभाव में काम कर रहा है, या फिर यह केवल एक व्यक्ति की मनमानी है?
अब निगाहें महराजगंज पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करता है। क्या इस कथित हस्तक्षेपकर्ता पर रोक लगेगी, या फिर यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा—यह आने वाला समय ही बताएगा।
