MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार
महराजगंज पुलिस का बड़ा अभियान: 415 वाहनों के चालान, 54 लोगों का शांतिभंग में चालान, अवैध शराब के साथ कई आरोपी गिरफ्तार –
महराजगंज। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने 28/29 जुलाई की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग और कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 415 वाहनों के चालान किए गए, जबकि शांति भंग की आशंका में 54 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार विभिन्न स्थानों पर दोपहिया वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई। तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 415 वाहनों का चालान किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने को 54 पर कार्रवाई
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 54 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर चालान न्यायालय किया। पुलिस ने बताया कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित लोगों को जमानत मुचलके पर पाबंद भी कराया गया।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी देते हुए उनके बीच सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास किया।
पैदल गश्त कर संदिग्धों की हुई चेकिंग
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के नेतृत्व में पैदल गश्त जारी रही। पुलिस टीमों ने दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैंकों, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ ही प्रमुख चौराहों, सड़क की पटरियों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने धारा 34 पुलिस एक्ट में 58 व्यक्तियों तथा धारा 129जी बीएनएसएस में एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की।
थानों पर शांति समिति की बैठकें
पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, कास्तकारों और किसानों के साथ शांति समिति की बैठकें कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।
फरेन्दा में देशी शराब बरामद
थाना फरेन्दा पुलिस ने निरंजन गुप्ता निवासी पिपरा मौनी के कब्जे से 11 टेट्रा पैक बंटी-बबली देशी शराब बरामद की। मामले में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी थाना क्षेत्र में केदारनाथ निवासी लोहिया मार्केट, आनंदनगर के पास से 8 टेट्रा पैक बंटी-बबली देशी शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुरन्दरपुर में कच्ची शराब के साथ दो आरोपी
थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने रामरति निवासी टेढ़ी टोला कानपुर नर्सरी के पास से 5 लीटर कच्ची शराब बरामद की। वहीं शंकर निवासी उसी क्षेत्र के पास से 7 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
ठूठीबारी में नेपाली शराब की बरामदगी
थाना ठूठीबारी पुलिस ने शिवम साहनी उर्फ लालू निवासी डिगही के पास से 90 शीशी अवैध नेपाली किसमिश-सौंफ शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पनियरा और कोल्हुई में गुण्डा एक्ट की कार्रवाई
थाना पनियरा पुलिस ने संदीप साहनी और उपेन्द्र उर्फ लाला, दोनों निवासी औरहिया टोला सतकोठिया, के विरुद्ध गुण्डा अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की।
वहीं थाना कोल्हुई पुलिस ने सर्फुद्दीन निवासी महेशपुर मेंहदहिया टोला चमैनिया के खिलाफ भी गुण्डा अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की।
19 लंबित विवेचनाओं का निस्तारण
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों ने गुण-दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 19 विवेचनाओं का निस्तारण किया।
पुलिस के मुताबिक 28/29 जुलाई 2026 को जिले में विभिन्न अपराधों, शांतिभंग, आबकारी एवं अन्य मामलों में कुल 60 आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

