धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज। जनपद महराजगंज में निवास करने वाली दिव्यांग छात्राओं के शैक्षिक पुनर्वासन और सुगम आवागमन के लिए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के अंतर्गत ई-ट्राईसाइकिल योजना का संचालन किया जा रहा है।जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अभय पाण्डेय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को दैनिक कक्षाओं, लाइब्रेरी, लैब और हॉस्टल आदि में आने-जाने में आ रही कठिनाइयों को दूर कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
योजना की मुख्य विशेषताएँ और पात्रता शर्तें:
आयु एवं अध्ययन: 16 वर्ष या उससे अधिक उम्र की दिव्यांग छात्राएँ जो किसी भी स्कूल, कॉलेज या शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हैं, इसके लिए पात्र होंगी।
अनुमन्य धनराशि: योजना के तहत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम 65,000 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
शारीरिक स्थिति: मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पालिसी, हीमोफिलिया आदि से ग्रसित ऐसी छात्राएँ जिनकी दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी हो तथा कमर का ऊपरी भाग स्वस्थ हो, जो ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हों।
प्रमाण-पत्र: दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र (UDID कार्ड) मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा प्रमाणित होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान से अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र भी देना होगा।
आर्थिक पात्रता: छात्रा या उसका परिवार आयकर दाता की श्रेणी में न आता हो। गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले परिवारों को वरीयता दी जाएगी।
पूर्व लाभ: यह लाभ केवल उन्हीं छात्राओं को दिया जाएगा जिन्हें पिछले 5 वर्षों में किसी भी अन्य सरकारी या गैर-सरकारी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त न हुई हो।

कैसे करें आवेदन?
आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इच्छुक दिव्यांग छात्राएँ योजना का लाभ उठाने के लिए या अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु ‘कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, विकास भवन, महराजगंज’ में उपस्थित होकर संपर्क कर सकती हैं।
