रिपोर्टर जय प्रकाश सिंह
एम डी न्यूज़ अलीगढ
गृह क्लेश में महिला ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान, तीन बेटे हुए बेसहारा

पति बोला- मोबाइल चलाने को लेकर हुई थी मामूली कहासुनी

खैर। कोतवाली क्षेत्र के गांव गौमत में बुधवार सुबह करीब 9 बजे 30 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से गृह क्लेश के चलते कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी गीता देवी (30) पत्नी प्रेम कुमार ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर पति प्रेम कुमार, जो टेंपो चालक हैं, तत्काल घर पहुंचे और परिजनों की मदद से पत्नी को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खैर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति प्रेम कुमार ने बताया कि रात मोबाइल चलाने को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह रोज की तरह सुबह करीब चार बजे सीएनजी भरवाने के बाद भाड़ा लेकर जट्टारी चले गए थे। सूचना मिलने पर वह तुरंत गांव लौट आए।

घटना की सूचना पर खैर कोतवाली पुलिस खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके से भाई समेत अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए।

बताया गया कि गीता देवी का विवाह वर्ष 2012 में गौमत निवासी प्रेम कुमार के साथ हुआ था। वह अपने मायके में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पीछे तीन पुत्र हैं।

खैर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *