MD न्यूज़ /मोहम्मद अशफाक


गोला गोकर्णनाथ खीरी। थाना मैलानी क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी कुकरा में चौकी प्रभारी अवलीश कुमार पवार के स्थानांतरण एवं नवागत चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला।
कस्बा कुकरा के सविलियन विद्यालय के 12 वर्षीय छात्र असद ने अपने मासूम लेकिन संस्कारपूर्ण व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया। विदाई समारोह के दौरान असद ने स्थानांतरित चौकी प्रभारी अवलीश कुमार पवार को फूलमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया तथा मिठाई खिलाकर भावभीनी विदाई दी। वहीं नवागत चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव का भी फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उनका मुंह मीठा कराया और नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं एवं आभार व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने असद की इस विनम्रता, संस्कार और पुलिस के प्रति सम्मान की भावना की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि आज के दौर में ऐसे संस्कारवान बच्चे समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो सम्मान, शिष्टाचार और अच्छे नागरिक होने का संदेश देते हैं।
असद के”छोटी उम्र, बड़े संस्कार — यही है असद की असली पहचान।”
12 वर्षीय असद ने यह साबित कर दिया कि सम्मान देने के लिए उम्र नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और बड़ा दिल चाहिए। विदा हो रहे अधिकारी को सम्मान देना और नए अधिकारी का आत्मीय स्वागत करना समाज में सकारात्मक सोच, आपसी विश्वास और सम्मान की परंपरा को मजबूत करता है।
ऐसे संस्कारवान बच्चों पर परिवार, विद्यालय और पूरे समाज को गर्व होना चाहिए। असद जैसे बच्चे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और यह संदेश देते हैं कि सम्मान, विनम्रता और अच्छे संस्कार ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान होते हैं।
